Madhubani: जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में भू-अर्जन विभाग एवं विभिन्न निर्माण एजेंसियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में चल रही प्रमुख विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई एवं अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए.
बैठक में भारतमाला परियोजना की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई. जिलाधिकारी ने लंबित भुगतान को अविलंब निष्पादित करने का आदेश देते हुए कहा कि भुगतान लंबित रहने से कार्य में बाधा उत्पन्न होती है, अतः इसे प्राथमिकता के साथ निपटाया जाए.
उन्होंने एनएचएआई के प्रतिनिधि को निर्माण कार्यों में और अधिक तेजी लाने को कहा तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही जयनगर आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए. जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी एवं पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने का आदेश दिया.
जिलाधिकारी ने मधुबनी रिंग रोड परियोजना को भी महत्वपूर्ण मानते हुए भूमि अधिग्रहण की सभी प्रक्रिया शुरू करने के लिए प्रारंभिक नोटिस जारी करने का निर्देश दिया. इसके अतिरिक्त मिथिला हाट विस्तारीकरण, औद्योगिक केंद्र – बभनगामा, तथा लहना एवं बलिया बीयर उत्पादन इकाई से संबंधित चल रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की गई.
जिलाधिकारी ने कहा कि ये परियोजनाएं जिले के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं, अतः इनकी प्रगति में किसी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी. बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अपर भूअर्जन पदाधिकारी, पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता, एनएचएआई प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें-
मधुबनी डीएम की समीक्षा बैठक, कहा- पत्राचार से नहीं चलेगा काम, करना होगा समाधान






