- रिपोर्ट- विकास कुमार
Saharsa: साइबर अपराधी अब बिजली उपभोक्ताओं को अपना निशाना बनाने लगे हैं. इस महीने में कई लोगों के पास साइबर अपराधियों के मैसेज आए हैं. जिसको लेकर विद्युत विभाग ने बिजली उपभोक्ताओं को अलर्ट किया है.
बिजली काटने की मिल रही धमकी
बता दें कि साइबर क्रिमिनल ने बिजली उपभोक्ताओं से ठगी करने के लिए बड़ी योजना बनाई है. साइबर अपराधी बिजली कंज्यूमर को बकाया बिल के मैसेज के साथ एक मोबाइल नंबर और बिल जमा करने के लिए लिंक भेज रहे हैं. मैसेज में यह भी सूचित किया जा रहा है कि बिल एक सीमित अवधि तक जमा नहीं करने पर कनेक्शन काट दिया जायेगा. साइबर अपराधियों द्वारा उपभोक्ताओं को मैसेज में दिए गए नंबर पर कॉल करने पर फोन काट दिया जाता है और फिर एक मैसेज भेजा जाता है कि आप दिए गए लिंक से पैसे जमा कीजिए.
झांसे में ले लेते हैं साइबर अपराधी
लिंक के जरिए उपभोक्ताओं से ओटीपी भी लिया जाता है, जिसके बाद उनके बैंक अकाउंट से अपराधियों द्वारा पैसा निकाल लिया जाता है. जानकारी के अनुसार साइबर अपराधी लोगों को बिल जमा करने के लिए व्यूअर एप या एनी डेस्क एप डाउनलोड करा कर अपने खाते में दस रुपये भेजने को कहते हैं. उपभोक्ता द्वारा बताए गए ऐप के माध्यम से रकम ट्रांसफर कर देने पर अपराधी उनके खाते को अपने नियंत्रण में कर मनचाही रकम अपने खाते में स्थानांतरित कर लेते हैं.
विभाग ने दी सावधान रहने की सलाह
बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं को ऐसे फ्रॉड मैसेज करने वाले लोगों से सावधान रहने की सलाह दी है. उपभोक्ताओं के द्वारा जब इस मामले पर बिजली विभाग के अधिकारी से संपर्क करने पर उन्हें जानकारी मिली कि यह फर्जी मैसेज है और विभाग की ओर से इस तरह का कोई मैसेज उपभोक्ताओं को नहीं भेजा जा रहा है. शिकायत मिलने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को सतर्क किया है.
बिजली विभाग की ये अपील
वहीं सहरसा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं को सावधान रहने की जरूरत है. साथ ही उपभोक्ताओं से अपील है कि वे केवल बिजली कंपनी की अधिकृत वेबसाइट, सुविधा ऐप, विद्युत कार्यालय काउंटर या वसुधा केंद्र एवं ग्रामीण क्षेत्रों हर पंचायत में कार्यरत आरआरएफ से ही बिल का भुगतान करें.
बैंक की जानकारी न करें शेयर
सभी उपभोक्ता ओटीपी और बैंक की जानकारी गोपनीय रखें. बिजली विभाग कभी भी फोन पर आपके बैंक विवरण या ओटीपी की मांग नहीं करता. यदि आपको किसी अनजान नंबर से बिजली बिल जमा करने हेतु विभाग द्वारा प्रदत्त ऐप के अलावा कोई दूसरा ऐप डाउनलोड करने का लिंक आए तो तुरंत अपने नजदीकी बिजली कार्यालय या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 से शिकायत करें.






