- संवाददाता- फिरोज अहमद
Darbhanga: प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी सदर और अनुमंडल अस्पताल में ऑपरेशन की व्यवस्था करने के निर्देश सिविल सर्जनों को दिए हैं. दरभंगा के प्रमंडलीय सभागार में बुधवार को आयुक्त कौशल किशोर की अध्यक्षता में प्रमंडलीय स्वास्थ्य विभाग के कार्यों को लेकर तीनों जिला दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी जिला के सिविल सर्जन के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की गई.
बैठक में आयुक्त ने सभी सिविल सर्जन से कार्यों के संबंध में बारी बारी से क्रियान्वित योजनाओं के बारे में फीडबैक लिया. उन्होंने सिविल सर्जन दरभंगा को अनुमंडलीय अस्पताल बेनीपुर और बिरौल में सर्जरी के लिए एनेस्थेटिक्स डॉ. प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया.
आयुक्त कौशल किशोर ने सभी सिविल सर्जन को सभी सदर अस्पताल में सर्जरी कराने का निर्देश दिया और अनुमंडलीय अस्पताल में महीने में चार दिन सर्जरी कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी सिविल सर्जन सरकार के सभी योजनाओं को अमल में लाना सुनिश्चित करें. सरकार के मापदंड के तहत रोगियों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करायें.
आयुक्त ने सिजेरियन, ऑर्थोपेडिक एवं रेडियोलॉजिस्ट के संबंध में जानकारी ली. पीसी ऐंड पीएनडीटी एक्ट के तहत जिले में संचालित सभी निबंधित और अनिबंधित अल्ट्रासाउंड केंद्रों का सभी सिविल सर्जन को औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया. सभी सर्जन को रेडियोलॉजिस्ट की सूची उपलब्ध कराने को कहा.
बायो मेडिकल बेस्ट प्रोडक्ट सड़क किनारे फेंक दिया जाता है. सिविल सर्जन इस संबंध में शो कॉज करेंगे. साथ ही उन्होंने सूचना का एक प्रतिवेदन स्वास्थ्य विभाग एवं बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद को देने को कहा. उन्होंने दवा के लिए बीएमएसआईसीएल को दिए गए प्रतिवेदन के संबंध में जानकारी ली.
उन्होंने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को लेकर के लिए भूमि हेतु सभी सिविल सर्जन को प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा. उन्होंने कहा कि अगली बैठक 10 से 15 दिनों के अंदर होगा, सभी सिविल सर्जन अपनी पूर्ण तैयारी के साथ आएंगे.
आयुक्त ने गौड़ाबौराम, मनीगाछी, कुशेश्वर स्थान प्रखंड में बन रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने का निर्देश दरभंगा के सिविल सर्जन को दिया. उन्होंने कार्यपालक अभियंता बीएमएसआईसीएल के अभियंता को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया तथा कार्य को गुणवत्ता के साथ ससमय पूर्ण कराने को कहा. बैठक में आयुक्त के सचिव सत्येंद्र कुमार, सिविल सर्जन दरभंगा डॉ. अरुण कुमार, सिविल सर्जन समस्तीपुर, मधुबनी, डीपीएम हेल्थ एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे.






