- संवाददाता- विकास कुमार
Saharsa: सहरसा नगर निगम क्षेत्र के कहरा गांव में करीब 12 वर्ष पुराना खंडहर में तब्दील हो चुका विवाह भवन अब वृद्धा आश्रम में तब्दील होने जा रहा है. वृद्धा आश्रम के निर्माण कार्य को लेकर खासकर गांव के बूढ़े बुजुर्गों के बीच काफी उत्साह देखा जा रहा है.
दरअसल, 12 वर्ष पूर्व कहरा गांव में तत्कालीन सांसद शरद यादव की कोष से विवाह विवाह भवन का निर्माण कार्य कराया गया था. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि विवाह भवन का निर्माण तो करा दिया गया था लेकिन विवाह भवन में बिजली पानी के साथ साथ कोई भी मूलभूत व्यवस्था नहीं थी. जिसकी वजह से उस विवाह भवन में आज तक एक भी शादी नहीं हो सकी.
बाद में यह विवाह भवन खंडहर में तब्दील हो गया और यहां असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया. थक हार कर ग्रामीणों ने नगर निगम प्रशासन से इस स्थल का जीर्णोद्धार कराकर वृद्धाश्रम खोलने की मांग की. वहीं नगर निगम प्रशासन द्वारा उक्त स्थल तत्काल अस्थाई वृद्धा आश्रम निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जिसका निर्माण कार्य काफी तेजी से हो रहा है.
इस सम्बंध में नगर निगम की मेयर बैन प्रिया ने कहा कि वृद्धा आश्रम में वृद्धजनों के लिए अनेक प्रकार की सुविधा दी जाएगी. इसका उद्देश्य यह है कि समाज में ऐसे बुजुर्ग व्यक्ति जिनको कहीं रहने और खाने पीने की समस्या है वो इस वृद्धा आश्रम में रहेंगे जिसका पूरा ख्याल रखा जाएगा.
ये भी पढ़ें-
सहरसा में लंबे अर्से के बाद रेल ओवरब्रिज निमार्ण शुरू, 143 करोड़ की लागत बनेगा ROB






