- संवाददाता- विकास कुमार
Saharsa: सहरसा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. सहरसा में बोलेरो-ट्रैक्टर में टक्कर हो गई, जिसमें, दो की मौत जबकि दो मासूम बच्चे बुरी तरह घायल हो गए. घटना बौजनाथपुर थाना क्षेत्र के सहरसा-मधेपुरा मुख्य सड़क एनएच- 107 के राइस मिल के समीप की है.
दो मासूम बच्चों की हालत गंभीर
सहरसा में एक बोलेरो और ट्रैक्टर के बीच भीषण टक्कर में बुलेरो के परखच्चे उड़ गए. वहीं इस हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई. जबकि घटना में दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. अस्पताल में भर्ती दोनों बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है. मृतकों में 25 वर्षीय बोलेरो चालक हरि साह और 30 वर्षीय महिला रूपा देवी शामिल हैं, जबकि घायलों में 1 साल और 2 साल के दो मासूम बच्चे शामिल है. सभी लोग सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के लगमा गांव के रहने वाले हैं और सभी लोग एक परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं.

बाबा सिंघेश्वर गए थे पूजा करने
घटना के संबंध में बताया जाता है कि सभी लोग सावन की सोमवारी के अवसर पर बोलेरो गाड़ी में सवार होकर मधेपुरा जिले के बाबा सिंघेश्वर स्थान पूजा करने गए हुए थे और पूजा करने के बाद जब देर रात वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बौजनाथपुर थाना क्षेत्र के राइस मिल के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर और बोलेरो की आमने सामने भीषण टक्कर हो गई.

पुलिस ने जब्त किए दोनों वाहन
इस टक्कर में बोलेरो चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि महिला ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया. इधर घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
ये भी पढ़ें-
स्टंट कर रील्स बनाने के दौरान पलटी स्कॉर्पियो, 4 लोग घायल, बाल-बाल बचे कई लोग
सहरसा में पिकअप-ऑटो में टक्कर, पंजाब कमाने जा रहे दो मजदूर की मौत, आधा घायल






