Patna: पटना के पारस अस्पताल के आईसीयू में हत्या करने का एक मामला सामने आया है. गुरुवार को सुबह बाइक से चार बदमाश पारस अस्पताल पहुंचे और वहां आईसीयू में इलाज करा रहे एक मरीज की हत्या कर दी और आराम से चले गए.
आईसीयू में घुसकर मारी गोली
घटना के बारे में बताया जाता है कि बाइक से चार नाम आए, हॉस्पिटल के बार अपनी गाड़ी खड़ी की और पारस अस्पताल के आईसीयू में घुसकर चंदन मिश्रा पर गोलियों की बरसात कर दी. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. फिर वहां से वे आराम से फरार हो गए. अस्पताल के आईसीयू में हत्या की इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई.
10 हत्या के मामले में आरोपी
मृतक चंदन मिश्रा भी एक कुख्यात अपराधी है, जिसे हत्या के मामले में सजा हो चुकी है. चंदन मिश्रा के ऊपर दस से अधिक हत्या के मामले दर्ज हैं. वहीं एक हत्या के मामले में कोर्ट से उसे आजीवन कारावास की सजा मिली हुई है. वह 12 सालों से जेल में बंद था. इलाज के लिए पैरोल पर बाहर आया था. उसका लीवर खराब हो चुका था. दो जुलाई से से वह पैरोल पर था. 18 जुलाई को उसका पैरोल खत्म हो रहा था, उसके एक दिन पहले ही उसकी हत्या कर दी गई.
गैंगवार का नतीजा
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि बक्सर पुलिस के जरिए चंदन के विरोधी गैंग का पता लगाया जा रहा है. शूटर की फोटो मिल चुकी है. उसके बारे में पता लगाया जा रहा है. मामला चंदन शेरू गैंग से जुड़ा हुआ है. अपराधी दो बाइक पर सवार थे. अस्पताल के गार्ड्स से भी पूछताछ की जा रही है.
तेजस्वी यादव का हमला
पारस हॉस्पिटल के आईसीयू में हत्या की वारदात के बाद सियासत और गर्म हो गया है. तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला और तेज कर दिया है. उन्होंने अपने एक्स पर लिखा है कि “सरकारी अपराधियों ने अस्पताल में भर्ती मरीज को ICU में घुसकर मारी गोली. बिहार में कोई भी कहीं भी सुरक्षित नहीं? 2005 से पहले ऐसे होता था जी?”
जेडीयू का पलटवार
उधर तेजस्वी यादव के हमला का जवाब देने में जेडीयू ने थोड़ी भी देरी नहीं की. जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने एक्स पर लिखा है कि “याद है तेजस्वी यादव जी, अपने मम्मी डैडी से पूछ लीजिए- 13 जून 1998 को राबड़ी देवी जी की सरकार में मंत्री बृज बिहारी प्रसाद की हत्या, IGMS, पटना के अस्पताल में कर दी थी! यही था उस दौर का जंगल राज.”
चुल्लू भर पानी में डूब मरो
उधर पप्पू यादव ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा है कि “बिहार में पुलिस मुख्यालय के बगल में स्थित पारस हॉस्पिटल में दूसरे तल्ले पर चढ़ शूटर गोलियों से भून देता है, बिहार में महा गुNDAराज ADG मुख्यालय का बहाना, बिहार में अभी अपराध का मौसम है, मानसून तक खून बहता रहेगा! वह क्या कर सकते हैं बिहार में मई, जून, जुलाई हत्या करने का महीना है! चुल्लू भर पानी में डूब मरो सरकार”.
ये भी पढ़ें-
एक्शन में बिहार पुलिस, रडार पर 1290 अपराधियों की संपत्ति, सुपारी किलर्स के लिए स्पेशल सेल
पटना में बड़े उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या, पटना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल, डीजीपी ने बनाई SIT






