Basopatti: बासोपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत बासोपट्टी पश्चिमी बुंदेलखंड वार्ड नं 10 में रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां तालाब में डूबने से एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मो. मुस्तफा पमारी के 5 वर्षीय पुत्र मो. मुस्ताक पमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे बच्चा अचानक घर से लापता हो गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की गई।
घंटों खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने स्थानीय थाना को उसके गुम होने की सूचना दी। इसके बाद गांव के लोगों के साथ मिलकर खोज बीन किया गया। दोपहर करीब 1:30 बजे घर के समीप स्थित डबरा पोखर में जब तलाश की गई तो बच्चा पानी में डूबा हुआ मिला। बच्चे को जैसे ही बाहर निकाला गया, उसकी मौत हो चुकी थी। यह दृश्य देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मो मुस्ताक घर में सबसे बड़ा था। उसका पिता दिल्ली में मजदूरी करता है घटना की सूचना मिलते ही बासोपट्टी थाना की पुलिस एसआई तरुण कुमार, एएसआई हीरा पंडित सहित अन्य पुलिसकर्मियों घटनास्थल पर पहुंचे।
घटनास्थल पर बासोपट्टी पश्चिमी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भरत लाल मंडल, सरपंच मानिक लाल साफी, पंचायत समिति हितलाल सहनी,डामू पंचायत के पूर्व मुखिया अनिसूल अंसारी मौकों पर पहुंचे। हालांकि परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आगे की प्रक्रिया पूरी की। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।






