- रिपोर्ट- विकास कुमार
Saharsa: सहरसा में घर के पास गांजा पीने से रोका तो नशेड़ियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए हैं. नशेड़ियों को घर के पास नशा करने से मना करने पर नशेड़ियों ने चाकू मारकर एक महिला सहित तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना सदर थाना क्षेत्र के फकीर टोला की है. सभी घायलों को आनन फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां एक शख्स की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया है.
पांच लोगों ने मिलकर किया हमला
घायलों में 35 वर्षीय मो. रफीक, 27 वर्षीय रवीना प्रवीण और 30 मो. शहीद शामिल हैं. जिनमें गले पर चाकू लगने से मो. रफीक की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के सम्बंध पीड़ित लोगों ने घर के पास ही रहने वाले मो. लकी, मो. हसनैन, सहित अन्य लोगों पर चाकू मारने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह लोग घर के पास ही गांजा पी रहे थे जिसका विरोध करने पर चाकू मारकर घायल कर दिया. इधर पीड़ित लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.

गांजा पीने से रोका तो किया हमला
पीड़ित मो. सईद ने कहा कि गली छोटा छोटा है, उसी में लकी, हसनैन और तीन लोग गांजा पी रहे थे. घर के आस पास इस तरह की एक्टिविटी देख बच्चे बिगड़ जाएंगे, इसलिए मैंने उन्हें घर के पास गांजा पीने से मना किया. तो उन्होंने कहा कि जो मना करेगा उसे सौ चाकू मारेंगे. और फिर चाकू से हमला कर दिया. पीड़ित ने कहा कि शिकायत करने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों के घर में होने के बावजूद उसे नहीं पकड़ा.

पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
सईद ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है. सिर्फ हम तीनों जो घायल थे उन्हें लाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया. आरोपियों के बारे में उन्होंने कहा कि पहले ये लोग बाहर में कमा रहा था अब गांव में ही रहता है. चोरी करके पेट पालता है, जो बोलता है उसको मारता है.

अस्पताल प्रबंधन पर सवाल
वहीं, इस घटना ने ना सिर्फ पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए बल्कि अस्पताल प्रबंधन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. जिस व्यक्ति के गले में चाकू लगा हो, उसकी स्थिति गंभीर हो उसके लिए इंमरजेंसी में स्ट्रेचर न मिले युवक को खुद ही चलकर अस्पताल के अंदर तक आना पड़ रहा है. यह व्यवस्था के लिए बड़ा सवाल है.
ये भी पढ़ें-
सहरसा में जमीन विवाद में मारपीट, दो महिला समेत चार लोग घायल
सहरसा में जमीन विवाद में मारपीट, महिला को घर से खींचकर पीटा, अस्पताल में भर्ती






