मधुबनी के युवक का नोएडा में एनकाउंटर, गैंग बनाकर कर रहा था ये कांड

By: Jan Manas

On: Friday, July 11, 2025 8:58 PM

Google News
Follow Us

Madhubani: मधुबनी के युवक का नोएडा में एनकाउंटर हुआ है. शातिर अपराधी का नोएडा में हाल्फ एनकाउंटर हुआ है. पुलिस के साथ मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी है. जिससे वह घायल हो गया, जिसके बाद इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वह दिल्ली नोएडा में एक गैंग चला रहा था.   

तीन लोग गिरफ्तार

नोएडा के सेक्टर 24 पुलिस की शुक्रवार को चोरी करने वाले अन्तर्राज्यीय गैंग के सदस्यों के साथ मुठभेड़ हो गई. पुलिस की तीन बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें एक घायल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया. इनके कब्जे से अवैध शस्त्र, घटना में प्रयुक्त एक होंडा सिटी कार, एक हाथ की घड़ी (एप्पल कम्पनी), एक चार्जर लेनोवो लैपटॉप, पीली धातु की ज्वैलरी (लगभग 500 ग्राम), चोरी करने के उपकरण व करीब 2 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं. नोएडा के एडीसीपी सुमित शुक्ला ने मुठभेड़ की जानकारी दी.

पुलिस पर चला दी गोली

नोएडा पुलिस के ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक थाना सेक्टर 24 पुलिस द्वारा दिनांक 10.07.2025 की रात्रि में सेक्टर 35 की तरफ जाने वाले रोड पर बैरियर लगाकर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही थी कि तभी अंडरपास की तरफ से एक होंडा सिटी कार आती हुई दिखाई दी, जिसको संदिग्ध प्रतीत होने पर रुकने का इशारा किया तो कार सवार व्यक्तियों ने बिना रुके अवैध असलहों से पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया.

जवाबी फायरिंग में संजीव को लगी गोली

पुलिस पार्टी की सरकारी गाड़ी में अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली लगी. कार सवार बदमाशों ने कार को तेजी से दौड़ा दिया, पुलिस पार्टी ने बदमाशों का पीछा किया तो बदमाशों की कार डिसबैलेंस होकर नाले की दीवार से टकराकर वहीं बंद हो गई और बदमाश अपने को घिरता हुआ देख कार से नीचे उतरकर फिर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायर करने लगे, पुलिस पार्टी द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी कार्रवाई के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया.

होंडा सिटी कार से करते थे रेकी

घायल बदमाश की पहचान संजीव कुमार यादव के रूप में हुई है. संजीव बिहार के मधुबनी का रहने वाला है.  ये लोग सेक्टर व सोसायटी में बन्द पड़े हुए मकानों की कार से रेकी कर उनका ताला तोड़कर कीमती सामान की चोरी करते है और चोरी किये गये सामान को सस्ते दामों पर बेच देते है और उससे जो पैसा मिलता है उनको अपनी मौज मस्ती और शौक पूरा करने में खर्च कर देते हैं.

जेल में हुई थी तीनों की दोस्ती

पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों ने पूछताछ में बताया कि संजीव (बिहार), अमन (पंजाब) व सर्वपाल (हरियाणा) तीनों ने बताया कि हम लोग अलग- अलग जगहों पर चोरी करते थे फिर हम लोगों की मुलाकात लगभग 2 वर्ष पहले दिल्ली जेल में हुई थी, जहां पर हमारी दोस्ती हो गई और हम लोगों ने एक गैंग बनाकर साथ मिलकर चोरी करने की योजना बनाई. जेल से बाहर निकलकर हम लोगों ने दिल्ली, हरियाणा, नोएडा और गाजियाबाद में चोरी की घटनाएं की.

ये भी पढ़ें-

मधुबनी से चोरी कर हो गए मुजफ्फरपुर शिफ्ट, पुलिस ने वहां भी नहीं छोड़ा, तीन गिरफ्तार

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment