Mahoba: उत्तर प्रदेश के महोबा जिला अस्पताल में एक अजीबो-गरीब कारनामा देखने को मिला. जहां सांप हाथ में लेकर अस्पताल पहुंची महिला. एक युवक को सांप के काटने पर पत्नी मरे हुए सांप को हाथ में लेकर अस्पताल पहुंच गई. डॉक्टर को सांप दिखाते हुए कहा कि साहब इसी ने मेरे पति को काटा है अब इनका इलाज कर दीजिए. फिलहाल डॉक्टर ने सर्पदंश युवक का इलाज शुरू कर दिया और उसकी हालत में सुधार हो रहा है.
पहले सपेरे से कराया इलाज
दरअसल, पनवाडी ब्लॉक के घटेहरा गांव के 52 वर्षीय हरगोविंद अपने पशु बाड़े में सो रहे थे, तभी सुबह सांप ने उन्हें हाथ में काट लिया. सांप के काटते ही हरगोविंद जोर से चीख पड़े और पास में पड़ा डंडा उठाकर सांप को मार दिया. चीख पुकार सुनकर पत्नी रामधकेली दौड़कर मौके पर पहुंची और पड़ोसियों को बुलाया. इसके बाद गांव में रहने वाले एक सपेरे को बुलाया गया, जिसने पारंपरिक तरीके से इलाज कर जहर निकाला.
पीड़ित को लाया गया अस्पताल
सांप के काटने की जगह पर बंधन बांधा गया और नीम की पत्तियों समेत अन्य देसी औषधियों का लेप किया गया. कुछ देर तक राहत मिली, लेकिन जब हालत में पूरी तरह सुधार नहीं हुआ, तो रामधकेली ने पति को जिला अस्पताल लाने का फैसला किया. सबसे हैरानी की बात यह रही कि महिला अपने साथ उस मरे हुए सांप को भी ले आई, जिसने हरगोविंद को काटा था.
महिला के हाथ में सांप देखकर चौंक गए सभी
अस्पताल में मौजूद डॉक्टर के सामने पहुंचते ही उसने कहा डॉक्टर साहब, यही सांप है जिसने मेरे पति को काटा है, अब इनका इलाज कीजिए. डॉक्टर भी पहले तो हैरान रह गए, लेकिन उन्होंने गंभीरता को देखते हुए हरगोविंद को तुरंत इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया. पड़ोसी लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि पहले सपेरे से झाड़ फूंक कराई गई थी, लेकिन जब फायदा नहीं हुआ, तो अस्पताल लाना पड़ा.
पीड़ित की हालत स्थिर
डॉक्टर ने बताया कि मरीज की स्थिति अब सामान्य है और उसे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है. अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में महिला का सांप लेकर पहुंचना और डॉक्टर से उसका इलाज कराने की गुहार लगाना, वहां मौजूद लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना रहा.
बहरहाल, यह घटना सिर्फ एक व्यक्ति के इलाज की नहीं, बल्कि एक पूरे सामाजिक व्यवहार की झलक भी देती है. ग्रामीण इलाकों में आज भी अंधविश्वास और झंडफूंक पर गहरा भरोसा है, लेकिन जब बात जीवन की आती है, तो लोग अब आधुनिक चिकित्सा की ओर भी तेजी से बढ़ रहे हैं. महिला द्वारा मरा हुआ सांप अस्पताल लाना भले ही अजीब लगे, लेकिन यह उसकी जागरूकता और अपने पति की जान बचाने की जिद को दर्शाता है.
ये भी पढ़ें-
सांप के डसने के बाद लोगों ने कोबरा को बिल से निकाला, डब्बे में बंद करके पहुंचे अस्पताल, महिला की मौत






