सासाराम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की धरती से एक बार फिर पाकिस्तान और आतंकवादियों को बड़ा संदेश दिया है. वहीं, पीएम मोदी ने बिहार को लोगों से यह भी कहा कि जो वादा करके गया था उसे पूरा करके आया हूं. शुक्रवार को बिहार के बिक्रमगंज में पीएम मोदी एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे. यहां पर उन्होंने 48,000 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया.
वादा पूरा किया
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के सासाराम जिले के दुर्गाडीह में एक जनसभा को संबोधित किया. यहां पर करीब 33 मिनट तक उन्होंने भाषण दिया. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के एक दिन बाद मैंने बिहार की धरती से देश को वादा किया था, वचन दिया था वो पूरा किया. मैंने कहा था माताओं का सुहाग उजाड़ने वालों को कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी. ऐसी ही सजा उन्हें दी गई. हमारी सेनाओं ने आतंकियों के ठिकानों को खंडहर में बदल दिया. भारत की बेटियों के सिंदूर की शक्ति को दुनिया और पाकिस्तान ने भी देखा.
पाकिस्तान को बड़ी चेतावनी
पीएम मोदी ने पाकिस्तान और आतंकियों को चेतावनी देते हुए कहा कि दुश्मन जान ले कि ऑपरेशन सिंदूर हमारे तरकश का सिर्फ एक तीर है. आतंक के खिलाफ भारत की लड़ाई न रुकी है और न थमी है. आतंक का फन चाहे सीमा पार हो या फिर सीमा के अंदर उठेगा तो बिल से खींचकर कुचलेंगे.
फिर की नीतीश कुमार की तारीफ
पीएम मोदी ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि बिहार में जंगलराज वाली सरकार की विदाई के बाद नीतीश जी के नेतृत्व में बिहार का विकास होने लगा. यहां पर पहले न कोई अस्पताल, न हाईवे और न ही कोई विकास के काम हुए थे. अब पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन हुआ है. दरभंगा एयरपोर्ट भी बन गया है. बिहटा में एयरपोर्ट बन रहा है.
लालू यादव के लैंड फॉर जॉब घोटाला पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा कि हम रेलवे का आधुनिकीकरण कर रहे हैं. बिहार में वर्ल्ड क्लास ट्रेनें चल रही हैं. ये सब पहले भी हो सकता था, लेकिन जिन पर ये जिम्मेदारी थी, उन्होंने नौकरी के नाम पर गरीबों की जमीन लूटने का काम किया. गरीबों को लूटना और खुद राजशाही की मौज करना यही उनकी सामाजिक न्याय के तरीके थे. उन्होंने कहा कि जंगल राज के तौर तरीके से आप लोगों को आगे भी सावधान रहने की जरूरत है.






