अडानी पावर भागलपुर में बनाएगा ग्रीनफील्ड थर्मल प्लांट, 3 अरब डॉलर का निवेश, 12000 लोगों को मिलेगा रोजगार

By: Jan Manas

On: Thursday, August 7, 2025 8:24 PM

Google News
Follow Us

Ahmedabad: अडानी पावर ने गुरुवार को कहा कि उसे बिहार में 3 अरब डॉलर के निवेश से 2,400 मेगावाट क्षमता के ग्रीनफील्ड थर्मल पावर प्लांट के विकास और संचालन के लिए आशय पत्र (एलओआई) प्राप्त हुआ है.

भारत की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की थर्मल पावर उत्पादक कंपनी ने बिहार राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी लिमिटेड (बीएसपीजीसीएल) से उत्तर बिहार विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) और दक्षिण बिहार विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) को बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती में विकसित होने वाली 2,400 मेगावाट क्षमता की थर्मल पावर परियोजना से 2,274 मेगावाट बिजली की आपूर्ति करने की बोली जीती है.

कड़ी प्रतिस्पर्धा वाली निविदा प्रक्रिया में अडानी पावर सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी थी, जिसकी अंतिम आपूर्ति कीमत 6.075 रुपये प्रति किलोवाट घंटा थी. अनुबंध के तहत, कंपनी एक ग्रीनफील्ड 3×800 मेगावाट क्षमता के अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल पावर प्लांट से बिजली की आपूर्ति करेगी, जिसे डिजाइन, बिल्ड, फाइनेंस, ओन एंड ऑपरेट (डीबीएफओओ) मॉडल के तहत स्थापित किया जाएगा.

पहली इकाई नियत तिथि से 48 महीनों के भीतर और अंतिम इकाई नियत तिथि से 60 महीनों के भीतर चालू हो जाएगी. अडानी पावर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसबी ख्यालिया ने कहा कि हमें बिहार में 2,400 मेगावाट की ताप विद्युत परियोजना के विकास और संचालन के लिए बोली जीतने पर खुशी है. हम 3 अरब डॉलर के निवेश से एक नया ग्रीनफील्ड संयंत्र स्थापित करेंगे, जिससे राज्य में औद्योगीकरण को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

उन्होंने कहा कि हमारा संयंत्र एक उन्नत, कम उत्सर्जन वाला अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल संयंत्र होगा और राज्य को विश्वसनीय, प्रतिस्पर्धी मूल्य पर और उच्च गुणवत्ता वाली बिजली की आपूर्ति करेगा. इस परियोजना से निर्माण चरण के दौरान 10,000-12,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की उम्मीद है और संचालन शुरू होने पर 3,000 लोगों को रोजगार मिलेगा.

इस संयंत्र को केंद्र सरकार की शक्ति नीति के तहत आवंटित कोयला लिंकेज से ईंधन मिलेगा. कंपनी ने कहा कि उसे समय पर एलओए (लेटर ऑफ अवार्ड) मिलने की उम्मीद है और उसके बाद, राज्य बिजली कंपनियों के साथ बिजली आपूर्ति समझौता (पीएसए) किया जाएगा.

अडानी पावर, जो अडानी समूह का हिस्सा है, भारत की सबसे बड़ी निजी ताप विद्युत उत्पादक कंपनी है. कंपनी की स्थापित ताप विद्युत क्षमता 18,110 मेगावाट है, जो गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड और तमिलनाडु में 12 बिजली संयंत्रों में फैली हुई है, इसके अलावा गुजरात में 40 मेगावाट का एक सौर ऊर्जा संयंत्र भी है.

ये भी पढ़ें-

मधुबनी में औद्योगिक क्षेत्र के विकास पर जोर, डीएम ने लोहना का किया निरीक्षण, भूमि अधिग्रहण में तेजी

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment