Patna: पीएम मोदी 22 अगस्त को आएंगे बिहार, गंगा पर बने छह लेन वाले पुल का उद्घाटन करेंगे, कई और सौगात राज्यवासियों को देंगे. बिहार विधानसभा चुनाव से पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को गयाजी जिले का दौरा करेंगे और कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को यह जानकारी दी.
डिप्टी सीएम ने दी जानकारी
सम्राट चौधरी ने हाल ही में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने गयाजी का दौरा किया था. बुधवार को X पर एक पोस्ट में, वित्त विभाग का प्रभार भी संभाल रहे चौधरी ने लिखा कि विकास की सौगात लेकर मोदी जी फिर बिहार आ रहे हैं. प्रधानमंत्री 22 अगस्त को गयाजी आ रहे हैं.
पुल का करेंगे उद्घाटन
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री गंगा नदी पर बने बिहार के पहले छह लेन वाले पुल और लगभग 1,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. यह पुल देश का सबसे चौड़ा छह लेन पुल है.
लोगों से गयाजी आने की अपील
डिप्टी सीएम चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि देश के सबसे लोकप्रिय नेता मोदी जी को सुनने के लिए गयाजी आएं. मोदी इससे पहले अप्रैल से मोतिहारी, सीवान, मधुबनी और पटना का दौरा कर चुके हैं.
एक ही समय में मोदी-राहुल बिहार में
बिहार विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने हैं. ऐसे में इस साल पीएम मोदी का यह छठा बिहार दौरा है. चुनाव को लेकर इस दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इन दिनों राहुल गांधी भी बिहार में डेरा जमाए हुए हैं. राहुल गांधी बिहार में वोटर अधिकार यात्रा कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें-






