Panipat: हरियाणा की मॉडल शीतल की मर्डर मिस्ट्री पुलिस के लिए एक चुनौती बन गई है. पुलिस उन सवालों में उलझ गई है. क्या शीतल की पहले हत्या की गई और उसके बाद शव को नहर में फेंका गया, क्या जानबूझकर कार को नहर में गिराया गया, क्या सुनील इस खुद भी शिकार है या साजिश में शामिल, क्या शीतल को शूटिंग के नाम पर फंसाया गया? पुलिस इन सब सवालों का जवाब ढूंढ़ रही है.
शूटिंग के लिए निकली, घर पहुंचा शव
दरअसल, हरियाणा की उभरती हुई मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी 14 जून को अपने बॉयफ्रेंड के साथ शूटिंग के लिए निकली थी. जब वापस नहीं आई और उससे संपर्क नहीं हुआ तो परिजनों ने पानीपत के मतलौड़ा थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया. दो दिन तक पुलिस को कोई सुराग नहीं लगा. दो दिन बाद सोनीपत के रिलायंस नहर से एक युवती का शव बरामद हुआ.

गर्दन पर गहरे जख्म
पुलिस ने शव को निकाला, शव की शिनाख्त कराई जाने लगी. शव की स्थिति इतनी खराब हो गई थी उसे पहचानना मुश्किल हो रहा था. शव को पहचानने के लिए शीतल के परिजनों को भी बुलाया गया. शितल की कलाई पर बने टैटू से उसके परिजनों ने पहचान लिया. जिस शीतल की तलाश में परिजन और पुलिस लगी थी, उसका शव नहर से मिला. शीतल की गर्दन पर गहरे जख्म के निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है.
पानीपत में मिला ब्वॉयफ्रेंड
डीएसपी राजबीर सिंह ने शीतल की हत्या की पुष्टि की है. पुलिस का मानना है कि यह किसी दुर्घटना का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह एक सोची समझी साजिश का नतीजा है. घटना के दिन शीतल अपने बॉयफ्रेंड सुनील के साथ कार में निकली थी, कार पानीपत के एक नहर से मिला है, जिसमें सुनील घायल अवस्था में मिला है. सुनील को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
ये भी पढ़ें-
पटना में डबल मर्डर, घर में घुसकर अपराधियों परिवार के तीन लोगों पर की फायरिंग, लोगों ने बनाया वीडियो






