रिपोर्ट- विकास कुमार
Saharsa: सहरसा में देर रात रिटायर्ड शिक्षक और पूर्व समिति सदस्य 63 वर्षीय विजय कुमार सिंह की हत्या कर दी गई है. घात लगाए अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी. घटना चिरैया थाना क्षेत्र के साम्भरखुर्द गांव की है.
खलिहान में घुसकर मारी गोली
अपराधियों ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब रिटार्यड शिक्षक विजय सिंह अपने खलिहान से घर लौट रहे थे. इधर, घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि साम्हरखुर्द गांव में मंगलवार देर रात विजय सिंह अपने खलिहान में मक्का की फसल की देखरेख कर घर लौट रहे थे इसी दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और बिना किसी बातचीत के उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
अपराधियों द्वारा रिटायर्ड शिक्षक को दो गोली मारी गई, जिसके बाद घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. वहीं घटना की सूचना मिलते ही चिरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई है. हत्या की वजह जमीनी विवाद बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है.
16 वर्षीय युवक का शव बरामद
सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना अंतर्गत बैजनाथपुर बहियार वार्ड नंबर 23 सड़क किनारे से करीब 16 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया है. जिसकी पहचान बैजनाथपुर थाना अंतर्गत तीरी पंचायत स्थित वार्ड नंबर 4 निवासी राजीव यादव के करीब 16 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार रूप में की गई है. मृतक युवक चार भाई बहन में सबसे बड़ा था. घटना की सूचना पर बैजनाथपुर थाना प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश ठाकुर सदर-बल के साथ घटना की तहकीकात की और वरीय पुलिस प्रशासन को सूचना दिए.
परिजन नहीं खोल रहे मुंह
मौके पर सदर एसडीपीओ आलोक कुमार घटनास्थल पहुंचा और घटना की जानकारी ली जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सहरसा भेज दिया. हालांकि मृतक युवक के परिजन कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं.






