Patna: WTC यानी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशीप के फाइनल में आस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर साउथ अफ्रीका ने इतिहास रच दिया है. साउथ अफ्रीका WTC चैंपियन बन गया है. यह पहली बार है जब साउथ अफ्रीका ने कोई चैंपियनशीप जीती है. इस जीत के साथ ही सालों से लगा चोकर्स का धब्बा भी मिट गया है. ऐतिहासिक लॉर्डस का मैदान इसका गवाह बना है.
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशीप के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका ने पहले गेंदबाजी चुनी. साउथ अफ्रीका का यह फैसला सही साबित हुआ और कगीसो रबाडा ने टीम को शुरुआती सफलताएं दिलाईं. आस्ट्रेलिया की पहली पारी 212 रनों पर सिमट गई. आस्ट्रेलिया की ओर से स्मिथ ने 66 और वेबस्टर ने 72 रनों की पारी खेली. साउथ अफ्रीका की ओर से रबाडा ने पांच विकेट लिए.
पहली पारी में आस्ट्रेलिया की ओर से भी शानदार गेंदबाजी देखने मिली और उन्होंने साउथ अफ्रीका को 138 रनों पर ही ऑल आउट कर दिया. आस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान पैट कमिंस ने 6 विकेट लिए.
दूसरे पारी में आस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी फिर से पहली पारी जैसी ही रही. पूरी टीम 207 रन ही बना सकी. इस बार मिशेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा नाबाद 58 रनों की पारी खेली.इस तरह से साउथ अफ्रीका के सामने इस मैच को जीतने के लिए 282 रनों का टारगेट था. साउथ अफ्रीका की शुरुआत इस बार भी अच्छी नहीं रही और पहला विकेट 9 रन के स्कोर पर जल्द ही गिर गया. वहीं 70 रनों के भीतर ही दूसरा विकेट भी गिर गया. इसके बाद कप्तान टेंबा बाउमा और एडन मारक्रम के बीच शतकीय साझेदारी हुई. जिसने साउथ अफ्रीका को पूरी तरह से मैच में वापस ला दिया. कप्तान टेंबा बाउमा 66 रन बनाकर आउट हुए. वहीं मारक्रम ने शतक लगाया. इस तरह साउथ अफ्रीका ने पहली बार कोई चैंपियनशीप जीतने में कामयाबी हासिल की.
ये भी पढ़ें-
आरसीबी बनी आईपीएल-2025 चैंपियन, विराट कोहली का इंतजार खत्म, मैदान पर रो पड़े






