सहयोग शिविर में शामिल हुए DM-SP, 30 दिनों में समस्या के समाधान का वादा

By: Jan Manas

On: Tuesday, May 19, 2026 10:42 PM

Google News
Follow Us

Madhubani: जिले के जयनगर प्रखंड अंतर्गत बेलही पूर्वी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने भाग लिया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्याएं एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। पंचायत स्तर पर आयोजित इस बहुविभागीय शिविर में प्रशासन स्वयं गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं के समाधान एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य करता दिखा।


सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी उनके पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराना, समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना रहा। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई तथा लोगों के आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त की गईं। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन भी किया गया, जिससे लोगों में संतोष एवं विश्वास का माहौल देखा गया।
शिविर में सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत योजना, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वास्थ्य जांच से संबंधित जानकारी साझा की गई। आपदा प्रबंधन विभाग ने आपदा राहत, फसल क्षति सहायता एवं प्राकृतिक आपदाओं से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया।
पशुपालन विभाग द्वारा पशुधन विकास, पशु टीकाकरण एवं पशुपालकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। जल संसाधन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग, बाल विकास परियोजना, आपूर्ति विभाग, राजस्व विभाग तथा लोक सेवाओं का अधिकार अधिनियम से संबंधित सेवाओं के बारे में भी आमजन को विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।


इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई एवं समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। सहयोग शिविर इसी सोच का परिणाम है, जिसके माध्यम से प्रशासन स्वयं पंचायत स्तर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करें तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराएं।


पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने भी उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए कहा कि आमजन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास स्थापित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन दिए तथा अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। पंचायत स्तर पर इस प्रकार के शिविर आयोजन की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें योजनाओं की जानकारी एवं प्रशासनिक सेवाएं अपने गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं, जिससे समय एवं संसाधनों की बचत हो रही है।


उल्लेखनीय है कि आज जिले के कुल 26 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। सभी शिविरों में जिलास्तरीय वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी तथा संबंधित प्रखंडों के सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं के समाधान एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में सक्रिय रहे।
,
सहयोग शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने आमजनों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से एक-एक कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे। सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान उपलब्ध कराना तथा योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के आलोक में शीला देवी, कविता देवी, ज्योति कुमारी, वर्षा कुमारी, कुमारी देवी, मंजू देवी एवं बिंदेश्वर महराज सहित अन्य लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना की तृतीय किश्त, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना तथा शौचालय प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया। योजनाओं का लाभ प्राप्त कर लाभुकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। ग्रामीणों ने सहयोग शिविर की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे गांव स्तर पर ही समस्याओं के समाधान की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित हो रही है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment