- संवाददाता- राज कुमार झा
Madhubani: हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मेला देखने गई युवती की मौत. मधुबनी नगर थाना क्षेत्र के राम चौक के समीप काली मंदिर रोड पर हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक 22 वर्षीय युवती की जलकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने कोतवाली चौक और राम चौक के बीच के सड़क पर टायर जलाकर बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
मृतक बच्ची 22 वर्षीय चिंकी दरभंगा की रहने वाली बताई जा रही है और बताया जाता है कि वह अपने नाना रामाशीष बारी के श्राद्ध कर्म में आई थी. श्राद्ध खत्म होने के बाद जन्माष्टमी का मेला देखने के लिए नाना के घर ही रुक गई.

सोमवार को वह चिंकी अपनी मौसी और भाई बहन के साथ मेला देखने दो मंठा आई. वहां से मेला देखने के बाद उसकी मौसी ने कहा चलो मेरे घर में रात में रुक जाना और काली मंदिर प्रांगण में लगे मेला भी देख लेना. मेला देखने के बाद नाना के यहां से मौसी के घर जा रही थी. इस दौरान पुलिस लाइन के पास काली मंदिर के पास हाई टेंशन तार उसके शरीर पर गिर गया. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वहीं, उसे भाई बहन बाल बाल बचे.
घटना से गुस्साए लोगों ने राम चौक से लेकर कोतवाली चौक तक को जाम कर दिया. टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन करने लगे. घंटों माहौल गरमाया रहा, मौके पर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी पहुंचे काफी समझाने के बाद लोग सड़क से हटे. उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

स्थानीय लोगों का कहना है कि चार दिन से पोल से चिंगारी निकल रही थी. बिजली विभाग को इसकी जानकारी हर दिन दी जा रही थी, लेकिन उनकी लापरवाही के कारण एक बच्ची की मौत हो गई है. वहीं, मधुबनी के एसडीएम चंदन झा ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच का आश्वासन दिया. उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई करने और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की बात कही. एसडीओ ने बिजली विभाग को पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ें-
मधुबनी में युवक की हत्या! तालाब में मिला शव, ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत
मधुबनी में नव विवाहिता ने की आत्महत्या, फोन पर पति से हुआ था झगड़ा






