ग्रेटर नोएडा में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, बेटा बोला- पापा ने लाइटर से आग लगा दी, वीडियो वायरल

By: Rahul Kumar

On: Saturday, August 23, 2025 9:32 PM

Google News
Follow Us

Noida: ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या कर दी गई. घटना को लेकर महिला के परिजनों ने ससुरालवालों पर मुकदमा दर्ज करवाया है. मामला ग्रेटर नोएडा के थाना कासना इलाके का है.

मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता की शादी दिसंबर 2016 में हुई थी. आरोप है कि पति के साथ ससुराल वाले लगातार 35 लाख रुपये की मांग कर रहे थे. मांग पूरी न होने पर विवाहिता निक्की को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया गया.

पीड़िता के परिजनों के अनुसार, निक्की और उसकी बहन कंचन दोनों की शादी एक ही परिवार में हुई थी. कंचन की शादी रोहित से जबकि निक्की की शादी विपिन से दिसंबर 2016 में हुई थी. शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी समेत काफी सामान दिया गया था, बाद में एक कार भी दी गई. इसके बावजूद ससुराल वाले लगातार 35 लाख रुपये की मांग कर रहे थे.

मृतका की बहन कंचन ने बताया कि 21 अगस्त को निक्की के पति विपिन और परिवार वालों ने उसके साथ मारपीट की और गले पर हमला किया. बेहोश होने के बाद निक्की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई. पड़ोसियों की मदद से उसे पहले नजदीकी अस्पताल और फिर दिल्ली रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

इस मामले में मृतका के बच्चे का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में मासूम बच्चा कह रहा है पापा ने मम्मी को लाइटर से जलाकर मारा. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मृतका के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटियों को शादी के बाद से ही ससुराल में प्रताड़ित किया जाता रहा. कई बार पंचायत कर समझौते की कोशिश हुई लेकिन ससुराल वाले मानने को तैयार नहीं हुए.

वहीं, पीड़ित परिजनों की तहरीर पर कासना थाने की पुलिस ने पति विपिन, जेठ रोहित, सास दया और ससुर सतवीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि घटना का संज्ञान में आया था मृतका के बहन के शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मृतका के पति को हिरासत में लिया गया है. अन्य की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी.

ये भी पढ़ें-

नालंदा में नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या, संदिग्ध हालत में मिला शव, पति समेत चार पर केस

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment