- रिपोर्ट- अमर कुमार कर्ण/ विकास कुमार
Patna/Madhubani/Saharsa: मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण के विरोध में महागठबंधन द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है. आरजेडी, कांग्रेस, लेफ्ट और वीआईपी का कार्यकर्ता सुबह से सड़कों और रेलवे ट्रैक पर निकले. कई जगहों पर ट्रेन को रोका गया तो कई जगहों पर एनएच को जाम कर दिया गया. महागठबंधन के नेता चक्का जाम को सफल बनाने में लगे हैं. वहीं राहुल गांधी भी इसमें शामिल हो रहे हैं.

सड़क-रेल परिचालन बाधित
दरभंगा में कार्यकर्ताओं ने नमो भारत ट्रेन को रोका. वहीं, भोजपुर के बिहिया स्टेशन पर भाई दिनेश ने अपने समर्थकों के साथ श्रमजीवी एक्सप्रेस और विभूति एक्सप्रेस को रोका गया. हालांकि कुछ देर बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया. वहीं पटना के मनेर में एनएच- 30 को जाम किया गया. नेताओं ने आगजनी कर प्रदर्शन किया. माले के नेतृत्व में सासाराम मुख्य मार्ग को जाम किया गया. वहीं, बेगूसराय में भी एनएच- 31 को जाम किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

मधुबनी में ट्रेन परिचालन बाधित
मतदाता पुनरीक्षण के विरुद्ध महागठबंधन के नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ मधुबनी में ट्रेन रोक और रेलवे स्टेशन चौक को जाम कर दिया जिस कारण मधुबनी दरभंगा मुख्य सड़क घंटों बाधित रहा. मधुबनी रेलवे स्टेशन पर शहीद एक्सप्रेस एवं जयनगर सियालदह जयनगर को 10 मिनट तक रोका गया. नेताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की. वहीं भ्रष्टाचार पर रोक लगाते हुए मतदाता पुनरीक्षण के कार्य को रोकने की मांग की.

सहरसा में दुकानों कराया बंद
सहरसा में महागठबंधन के नेता और कार्यकर्ता ने शहर के विभिन्न चौक चौराहा पर नारेबाजी कर दुकान को बंद कराया. महागठबंधन के नेताओं ने वीर कुंवर सिंह चौक, थाना चौक, डीबी रोड महावीर चौक, कचहरी ढाला से लेकर शंकर चौक तक मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को लेकर अपना विरोध जताया.
ये भी पढ़ें-
बिहार बंद को सफल बनाने की तैयारी, मशाल जुलूस और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों से अपील






