- रिपोर्ट- अमर कुमार कर्ण / विकास कुमार
Madhubani/Saharsa: बिहार बंद को सफल बनाने की तैयारी तेज हो गई है. चुनाव आयोग से मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग पर महागठबंधन के आह्वान पर 9 जुलाई को प्रस्तावित चक्का जाम को सफल बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है. मधुबनी और सहरसा में महागठबंधन के नेताओं ने बंद को सफल बनाने का आह्वान किया.
सहरसा में मशाल जुलूस
मंगलवार शाम को सहरसा में महागठबंधन के नेता और कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकाला. मशाल जुलूस वीर कुंवर सिंह चौक से लेकर शंकर चौक तक निकला. मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्य को लेकर इन्होंने अपना विरोध जताया. इस दौरान महागठबंधन के नेता ने बिहार को पूरी तरह बंद का चक्का जाम करने की बात कही.

मधुबनी में नुक्कड़ सभा
इंडिया गठबंधन समन्वय समिति मधुबनी के द्वारा थाना मोड़, बाटा चौक, शंकर चौक होते हुए मधुबनी रेलवे स्टेशन पर नुकड़ सभा कर कल 9 जुलाई को बिहार बंद चक्का जाम का आह्वान किया. पूर्व मंत्री सह नगर विधायक समीर कुमार महासेठ ने कहा है कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए नौजवानों की निर्णायक हस्तक्षेप है.
समीर महासेठ ने कहा वोटबंदी
उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया नये युवा वोटर, गरीब, दलित, मजदूर, प्रवासी और वंचित तबकों को मतदाता सूची से बाहर करने की साजिश है और इसका सीधा लाभ सत्ताधारी भाजपा-जदयू गठबंधन को पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि जिस राज्य में जन्म प्रमाण पत्र सिर्फ 2.8 प्रतिशत लोगों के पास हो, वहां करोड़ों मतदाताओं से पासपोर्ट, जमीन के कागज, एनआरसी जैसी दुर्लभ और अपवर्गीय दस्तावेज मांगना एक तरह की वोटबंदी है.

मताधिकार को कुचलने की कोशिश
समीर महासेठ ने कहा कि यह पूरा अभियान मतदाता सूची के सामान्य सुधार की आड़ में नागरिकता साबित करने की नई व्यवस्था थोपने जैसा है. जिसकी न तो कोई संवैधानिक वैधता है, न ही लोकतांत्रिक आधार. यह लोकतंत्र को कमजोर करने और संविधान के सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की भावना को कुचलने की कोशिश है.
नुक्कड़ सभा में ये रहे मौजूद
नुक्कड़ सभा को पूर्व विधायक सह जिला अध्यक्ष रामाशीष यादव, वीर बहादुर राय, जिला प्रभारी कुमार राय, वरिष्ठ राजद नेता राजकुमार यादव, सीपीआई जिला सचिव मिथिलेश झा, सतनारायण राय, मनोज मिश्रा, वीआईपी जिला अध्यक्ष बिशुनदेव चौधरी, श्याम सुंदर सहनी, जिला प्रवक्ता इंद्रजीत राय, महिला जिला अध्यक्ष रेणु यादव, पवन यादव, माकपा के दिलीप झा, रोहित यादव,राजेंद्र यादव संजय यादव, बिशुनदेव सिंह यादव, सुरेंद्र कुमार चौधरी सहित अन्य उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें-
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण: आपके पास हैं ये दस्तावेज तो हो जाएं निश्चिंत, नहीं होगी परेशानी






